Monday 18 September 2017

कानपुर पॉलिटेक्निक में पहली बार होगा दीक्षा समारोह !

कानपुर पॉलीटेक्निक के इतिहास में पहली बार दीक्षा समारोह होने जा रहा है। इसे लेकर राजकीय पॉलीटेक्निक में तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। समारोह में विश्वविद्यालय की तरह इंजीनियरिंग डिप्लोमा के एक हजार छात्रों को प्रमाण पत्र दिये जायेंगे । इस बार पॉलीटेक्निक सत्र 2017 में पास होने वाले छात्रों को ही डिप्लोमा देगा। इसके लिए पॉलीटेक्निक प्रधानाचार्य डॉ. आरके सिंह ने प्राविधिक शिक्षा बोर्ड से इस साल पास होने वाले छात्रों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा है। पॉलीटेक्निक प्रशासन को 20 सितंबर तक छात्रों की सूची मिलने की संभावना है।
पॉलीटेक्निक में पहली बार इतना बड़ा समारोह होने जा रहा है। एक हजार छात्रों की बैठक व्यवस्था करने व संसाधनों के लिए अलग अलग करीब छह टीमें गठित की जानी हैं। इस संबंध में पॉलीटेक्निक प्रशासन जल्द ही बैठक करने जा रहा है। जिन छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है। छात्रों के नाम उनकी कंपनियों को भी पत्र भेजे जाएंगे। प्रदेश की सभी सरकारी और सहायता प्राप्त पॉलीटेक्निक में इसका आयोजन किया जाना है। प्रदेश की सभी 126 सरकारी और 18 सहायता प्राप्त संस्थाओं में दीक्षा समारोह होगा। समारोह में आने के लिए विद्यार्थियों को एक अक्टूबर तक संस्थान में अपना पंजीयन कराना होगा। इसके लिए वे पॉलीटेक्निक प्रधानाचार्य अथवा प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
परिसर की साफ सफाई के लिए बनाई जाएंगी समितियां
पहली बार होने जा रहे दीक्षा समारोह के लिए परिसर को चमकाने के लिए समितियां बनाई जाएंगी। इन समितियों में शिक्षक व छात्र दोनों शामिल होंगे। प्रधानाचार्य डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इस उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकीं हैं। शहर के आस पास रह रहे पूर्व छात्र संपर्क में हैं जबकि दूर दराज के छात्रों को पत्र व फोन के जरिए आमंत्रित किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment