Tuesday 19 September 2017

सी.एस.ए. दीक्षा समारोह के लिये शहर आयेंगे मुख्यमंत्री !

Photo source : Google Images.
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सी.एस.ए.) के किसान मेले का स्थान बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की सूचना पर यह निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय के मुख्य मैदान में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा इसलिए पिछली बार की तरह किसान मेला स्टेडियम में लगाया जाएगा। मुख्य मैदान में मेला लगाने के लिए प्रोफेसर व कर्मचारियों ने कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन से सिफरिश की थी। पांच से आठ अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले के लिए उनकी सिफारिश पर मेले का स्थान भी तय कर दिया गया था। कृषि मेले के आयोजन को लेकर कुलपति की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में मेले के स्थान परिवर्तन पर मुहर लगा दी गई। समीक्षा बैठक में बताया गया कि मेले में उन्नत व नई प्रजाति के बीजों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इस बार स्टॉल की संख्या बढ़ाए जाने की संभावना है। किसानों के लिए गोष्ठी व कृषि परिचर्चा के साथ उन्हें डिजिटल टेक्नोलॉजी के जरिए कृषि की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जाएगी।

दीक्षा समारोह के लिए मानद उपाधि के नामों पर मुहर : 02 दिसंबर 2017 को होने वाले विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह को लेकर भी बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मानद उपाधि के लिए कृषि वैज्ञानिक डा. एचपी सिंह का नाम भेजे जाने पर भी मुहर लगा दी गई। इसके साथ ही मानद उपाधि के लिए प्रस्तावित नाम में उप महानिदेशक कृषि शिक्षा डॉ.एनएस तोमर, रायपुर कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एमपी पांडेय, तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के रामस्वामी समेत चार लोगों के नाम भी भेजे जाएंगे। कुलसचिव प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि के लिए उप राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) के महानिदेशक प्रो. त्रिलोचन महापात्रा, कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड (एएसआरबी) के अध्यक्ष डॉ.एके श्रीवास्तव का नाम प्रस्तावित है। बैठक में आवास समिति, भोजन समिति, सुरक्षा समिति, पदक समिति सहित 13 समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व संयोजकों ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

0 comments:

Post a Comment